लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से तीन की मौत, आधा किलोमीटर तक घिसटती रही बाइक

लखीमपुर खीरी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार एक युवक और दो युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और ट्रक चालक उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
लखीमपुर खीरी जिले में भीरा-पलिया हाईवे पर रपटा पुल के पास शनिवार को ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार एक युवक और दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर भीरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक-युवती भीरा से पलिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पलिया की तरफ से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और घिसटते हुए घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर दूर तक चली गई। हादसे में युवक और युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कराने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौक से वाहन समेत फरार हो गया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

