लखीमपुर में पेड़ पर लटके मिले विवाहिता और युवक के शव: 15 महीने पहले महिला की हुई थी शादी, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

लखीमपुर खीरी जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, सोमवार सुबह एक ही खेत में दो अलग-अलग पेड़ों से एक विवाहिता और एक युवक के शव लटके मिले। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
यह मामला पढ़ुआ थाना क्षेत्र के बेलवापुरवा गांव के पास का है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रामलखन कश्यप के खेत में दो अलग-अलग पेड़ों पर शवों को लटके हुए देखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतारा। महिला की पहचान बेंचेपुरवा निवासी राम खिलावन की पुत्री रामा के रूप में हुई जबकि दूसरा शव पचासा निवासी जितेंद्र पुत्र श्रीधर के रूप में हुई।
अलग-अलग गांवों और अलग बिरादरी से ताल्लुक
पुलिस जांच और ग्रामीणों के अनुसार, मृतका रमा की शादी करीब 15 महीने पहले हो चुकी थी और वह अपने मायके आई हुई थी, जबकि जितेंद्र लखनऊ में मजदूरी करता था। जितेंद्र के घर के सामने रमा की बड़ी बहन का ससुराल है, जहां आने-जाने के दौरान दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। दोनों अलग-अलग गांवों और अलग बिरादरी से ताल्लुक रखते थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पढ़ुआ थाना इंस्पेक्टर के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच प्रेम प्रसंग था। प्रथम दृष्टया यह मामला खुदकुशी का लग रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और मामले में सभी पहलुओं की जांच पड़ताल चल रही हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

