यूपी के ललितपुर में पति से झगड़े के बाद दो बच्चों संग कुएं में कूदी महिला: तीनों की मौत, देवर से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

यूपी के ललितपुर में पति से झगड़े के बाद एक महिला अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूद गई, जिससे तीनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों की मदद से तीनों के शव कुएं से बाहर निकलवाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि महिला का प्रेम-प्रसंग 16 साल छोटे देवर से चल रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
ये घटना थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत टीकरा तिवारी गांव का है। 32 वर्षीया पूजा का अपने पति बालकिशन कुशवाहा के साथ सोमवार की देर रात विवाद हो गया, जिसके चलते पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। हालांकि परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद सभी लोग अपने कमरे में सोने चले गए। महिला भी अपने कमरे में पति और अपने दो बच्चों के साथ सोने चली गई। वहीं, उसका बड़ा बेटा अपने दादा के साथ था। रात करीब दो बजे पति की अचानक नींद खुली तो उसकी पत्नी दोनों बच्चों के साथ कमरे में नहीं थी। पति ने उठकर घर में खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसने अपने परिजनों को जगाया और घटना की जानकारी दी।
कुएं में तैर रहा था महिला का कपड़ा
इसके बाद परिजन महिला की तलाश में जुट गए। मकान के पीछे खोजबीन करने पहुंचे तो कुएं के पास महिला और बच्चों की चप्पलें पड़ी मिलीं। वहीं, कुएं के पानी में महिला का कपड़ा तैरता दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 और बानपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की टीम को बुलाया। दमकलकर्मियों ने कुएं में कांटा डालकर महिला और बच्चों की तलाश शुरू की। इस दौरान महिला और एक बच्चे का शव बाहर निकाला गया। तीसरे बच्चे की तलाश के लिए कुएं का पानी खाली कराया गया। इसके बाद उसका शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
16 साल छोटा है देवर
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह का कहना है कि दिनांक 20 अक्टूबर को समय करीब साढ़े चार बजे पीआरवी ने थाना बानपुर पुलिस को सूचना दी कि गांव टीकरातिवारी में बाल किशन कुशवाहा की पत्नी पूजा ने अपने दो बच्चे लक्ष्य और पूर्वी के साथ घर के पास कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। अभी तक की जांच में पाया गया कि मृतका का अपने ही परिवार के 16 साल छोटे देवर के साथ प्रेम-प्रसंग था। इसकी जानकारी होने के बाद पति और पत्नी के बीच वाद विवाद हुआ था जिसके बाद यह घटना हुई।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

