मिर्जापुर में घर में घुसा बेकाबू कंटेनर: पिता-पुत्र की मौत; हाईवे जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
पिता-पुत्र की मौत; हाईवे जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

विंध्याचल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर चार मकानों को तोड़ते हुए घर के बाहर सो रहे पिता-पुत्र पर चढ़ गया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रयागराज-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 जाम कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और प्रशासन की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की।

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर गैपुरा चौराहे के पास हुआ। शिव प्रसाद गुप्ता परिवार के साथ घर के बाहर बने टीन शेड के नीचे अपने बेटे राहुल के साथ सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे सीमेंट से लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर चार मकानों को क्षतिग्रस्त करता हुआ उनके घर में घुस गया और सड़क किनारे बने नाले में पलट गया। हादसे में शिव प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला।

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। घायल राहुल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की बेटी दिव्या ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के करीब दस मिनट बाद डॉक्टर पहुंचे। उसका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिलता तो उसके भाई की जान बच सकती थी। हादसे के समय शिव प्रसाद की पत्नी मंजू और बेटी घर के अंदर सो रही थीं, जिससे उनकी जान बच गई।

डिवाइडर ऊंचा करने की मांग पर अड़े ग्रामीण

घटना के बाद ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर दुर्घटनास्थल पर डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाने और रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की। उनका कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और पिछले कुछ महीनों में करीब दस लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन द्वारा कंटेनर हटाने के लिए भेजी गई क्रेन को भी ग्रामीणों ने वापस लौटा दिया। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। फरार कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पीड़ित परिवार को शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।