मुजफ्फरनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: सरकारी ड्यूटी से लौट रहे स्टेडियम चौकी प्रभारी दरोगा अरुण चाहर की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र की स्टेडियम चौकी प्रभारी अरुण चाहर की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सरकारी कार्य से जानसठ क्षेत्र गए थे और देर रात अपनी कार से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे जब दरोगा अरुण चाहर की कार पानीपत-खटीमा हाईवे पर गांव चित्तौड़ा कट के पास पहुंची, तो एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अरुण चाहर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहुलूहान हालत में चौकी प्रभारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ लेकर गई। जहां, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अमृत जैन सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
वर्ष 2023 में यूपी पुलिस में हुए थे भर्ती
दरोगा अरुण चाहर मूल रूप से आगरा जिले के थाना कागारौल क्षेत्र के गांव बसेरी चाहर के निवासी थे। वह साल 2023 में ही उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) के पद पर भर्ती हुए थे। उनके निधन की खबर जैसे ही आगरा स्थित उनके पैतृक गांव बसेरी चाहर पहुंची, वहां परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी
चौकी प्रभारी अरुण चाहर की असमय मौत से मुजफ्फरनगर पुलिस महकमे में शोक छा गया है। मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में दिवंगत उपनिरीक्षक को राजकीय सम्मान के साथ भावभीनी अंतिम सलामी दी गई, जहां एसएसपी सूरज कुमार राय सहित कई बड़े पुलिस अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों व फरार वाहन की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

