मुरादाबाद में पुल की रेलिंग से टकराई बाइक: ओवरब्रिज से गिरकर मामा-भांजे की मौत, हवा में लटकी रह गई बाइक

उत्तरप्रदेश|
ओवरब्रिज से गिरकर मामा-भांजे की मौत, हवा में लटकी रह गई बाइक

बिलारी थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सिरसी रोड पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक तो रेलिंग के बीच फंसकर हवा में लटकी रह गई, लेकिन उस पर सवार मामा-भांजे उछलकर पुल से नीचे सिर के बल जा गिरे। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भांजा विष्णु और उसके मामा मनमोहन राजा का सहसपुर में आयोजित दशहरा मेला देखकर बाइक से वापस लौट रहे थे। बाइक विष्णु चला रहा था और मामा पीछे बैठे हुए थे। जैसे ही उनकी बाइक राजा का सहसपुर रेलवे ओवरब्रिज के पश्चिमी ढाल के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की बाईं ओर की लोहे की मजबूत रेलिंग से जा टकराई।

रेलिंग पर लटकी बाइक, नीचे गिरे सवार

टक्कर के बाद का मंजर देखकर हर कोई हैरान रह गया। मोटरसाइकिल रेलिंग के बीच ऐसे फंसी की वह नीचे नहीं गिरी और हवा में ही झूलती रह गई। वहीं, विष्णु और मनमोहन उछलकर ओवरब्रिज से कई फीट नीचे सड़क पर जा गिरे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। परिजनों ने रोते हुए बताया कि मृतक विष्णु की शादी तय हो चुकी थी और आगामी 11 दिसंबर को उसकी बरात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, मंगल गीत गाए जा रहे थे और हर तरफ खुशियों का माहौल था। लेकिन इस काल के क्रूर झटके ने बरात उठने से पहले ही घर से एक साथ दो अर्थियां उठा दीं। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।