मुरादाबाद में दलित युवक की गोली मारकर हत्या: गले में गोली लगने से हुई मौत, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
गले में गोली लगने से हुई मौत, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी थाना क्षेत्र स्थित छतरपुर खन्नूपुर गांव में रविवार सुबह सनसनी फैल गई। घर के बाहर बैठे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में 23 वर्षीय अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित पुत्र कल्लू सिंह रविवार सुबह अपने घर के मुख्य द्वार पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव में पहले से चल रहे एक विवाद के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि गांव के ही रहने वाले निखिल और विशाल का सुखवीर सिंह के परिवार से जमीन के पुराने विवाद को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह जब सुखवीर का पुत्र आशीष ट्रैक्टर-ट्रॉली से गोबर लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर दी।

गलत निशाना बना अंकित

ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों का निशाना कोई और था। लेकिन फायरिंग के दौरान एक गोली सीधे अंकित के गले में जा लगी। गोली लगते ही वह घर की चौखट पर गिर पड़ा। कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी गोली आशीष को लगने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

परिवार में पसरा मातम

मृतक अंकित अपने परिवार में सबसे छोटा था। मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। परिजनों के अनुसार आगामी नवंबर माह में उसकी शादी तय थी। विवाह की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन उससे पहले ही हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

चार टीमें गठित, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया, एसएसपी सतपाल अंतिल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। वहीं भीम आर्मी के पदाधिकारी भी गांव पहुंचे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।