मुजफ्फरनगर में साधु की गोली मारकर हत्या: दो बाइक सवारों ने घटना को दिया अंजाम, पुलिस को किसी परिचित पर आशंका

उत्तरप्रदेश|

मुजफ्फरनगर में शिव मंदिर के भीतर एक बुजुर्ग साधु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। साधु देवानंद भारती (81) की हत्या मंगलवार रात को दो बाइक सवार हमलावरों ने उनके कमरे में घुसकर सीने में गोली मारकर की। पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात को किसी करीबी या परिचित द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

साधु देवानंद भारती मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले थे। वह भारतीय सेना से रिटायर्ड फौजी थे और लंबे समय से घर-बार छोड़कर भौराकलां के इस शिव मंदिर में अकेले रहकर पूजा-पाठ और सेवा किया करते थे।

आवाज लगाकर खुलवाया कमरे को दरवाजा

मंगलवार रात करीब आठ बजे, मुजफ्फरनगर के भौराकलां थाना क्षेत्र के गुंबज शिव मंदिर में बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात हमलावर पहुंचे। उन्होंने कमरे के बाहर से साधु देवानंद भारती को आवाज दी, जिसके बाद साधु ने अपने कमरे का दरवाजा खोल दिया। चश्मदीदों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने साधु देवानंद से कमरे के भीतर सिर्फ दो मिनट तक बात की। बातचीत के तुरंत बाद हमलावरों ने अवैध तमंचा निकाला और साधु के सीने से सटाकर गोली मार दी। जिससे साधु की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, हमलावर बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए।

जांच के लिए पांच टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह और मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से एक खोखा बरामद किया है। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। हमलावरों के भागने के रूट का पता लगाने के लिए भौराकलां, कुरावा और आसपास के देहात क्षेत्रों के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

हमलवार हो सकते है पूर्व ​परिचित

फिलहाल हत्या की सटीक वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह अपराधी सीधे साधु के कमरे तक पहुंचे और बिना किसी लूटपाट के केवल दो मिनट बात करके सीधे सीने में गोली मारी, उससे यह साफ है कि हमलावर उनके पूर्व परिचित या बेहद करीबी थे और वारदात को किसी रंजिश या आपसी विवाद के चलते अंजाम दिया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।