रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी की रेड: एक साथ 10 ठिकानों पर मारा छापा, सरकारी ठेकों के पैसों की हो रही जांच

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
एक साथ 10 ठिकानों पर मारा छापा, सरकारी ठेकों के पैसों की हो रही जांच

रामपुर जेल में बंद सपा नेता आजम खान से जुड़े परिसरों पर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय ने एक साथ कार्रवाई शुरू की। रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी में सुबह करीब सात बजे तीन गाड़ियों से पहुंची करीब 15 अधिकारियों की टीम ने दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की। यूनिवर्सिटी के बाहर सुरक्षा बल तैनात किया गया है। हालांकि, छापेमारी के बीच परिसर में नियमित कक्षाएं संचालित होती रहीं। छात्रों को पहचान पत्र की जांच के बाद प्रवेश दिया गया। वहीं, अभिभावकों को गेट से ही वापस भेज दिया गया।

ईडी की कार्रवाई रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली के करीब 10 ठिकानों पर एक साथ चल रही है। इनमें आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े ट्रस्ट के परिसरों के अलावा सहारनपुर के चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता के कार्यालय और आवास भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की जा रही है। टीम अलग-अलग परिसरों में दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य कागजात खंगाल रही है।

सरकारी ठेकों की रकम यूनिवर्सिटी तक पहुंचाने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सरकारी ठेकों से प्राप्त रकम कथित तौर पर जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट तक पहुंचाई गई। आरोप है कि इस धन का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी की संपत्तियां तैयार करने और अन्य गतिविधियों में किया गया। ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी ठेकों से जुड़ी रकम किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से ट्रस्ट या यूनिवर्सिटी तक पहुंची। इसी लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कार्रवाई का अहम हिस्सा मानी जा रही है।

15 जुलाई को 38 इमारतें गिराने का आदेश

जौहर यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है। 15 जुलाई को रामपुर के जिलाधिकारी ने यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था। आदेश में कहा गया था कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्वीकृत नक्शे के बिना इन इमारतों का निर्माण कराया। हालांकि, मुरादाबाद के कमिश्नर आन्जनेय सिंह की अदालत ने डीएम के आदेश पर रोक लगा दी थी। मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।

CA के कार्यालय और घर पर भी पहुंची टीम

सहारनपुर में ईडी ने जौहर ट्रस्ट से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता के ठिकानों पर भी कार्रवाई की। अंबाला रोड स्थित उनके कार्यालय और दिल्ली रोड स्थित आवास पर टीम जांच कर रही है। यहां वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।

आजम के खिलाफ 100 से ज्यादा मामले दर्ज

आजम खान के खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। उनके वकील इमरानुल्लाह के मुताबिक, दोहरे पैन कार्ड मामले को छोड़कर बाकी मामलों में उन्हें या तो जमानत मिल चुकी है या वह बरी हो चुके हैं। आजम खान फिलहाल दोहरे पैन कार्ड मामले में कोर्ट से सजा सुनाए जाने के बाद जेल में हैं। उन्होंने जमानत के लिए हाईकोर्ट में अपील दाखिल की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।