हापुड़ में ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को पचास मीटर तक घसीटा: हादसे में भांजे की मौत, मामा गंभीर रूप से घायल

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
हादसे में भांजे की मौत, मामा गंभीर रूप से घायल

हापुड़ में एनएच-9 पर बुधवार सुबह गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में बीबीए के 20 वर्षीय छात्र लक्षित चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मामा वंश गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर देहात थाना, बाबूगढ़ थाना और सदर कोतवाली की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।

पेट्रोल भरवाने जा रहे थे मामा-भांजे

बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छपकौली का बीस वर्षीय लक्षित चौधरी बीबीए का छात्र था और बाबूगढ़ में जिम करता था। बुधवार सुबह वह अपने मामा गांव सिमरौली के रहने वाले वंश चौधरी के साथ बाइक से जिम करने गया था। जिम से लौटने के दौरान दोनों देहात थाना क्षेत्र में नवीन मंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। तभी एनएच-9 पर ततारपुर के पास गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह ट्रक को रुकवाया।

पहुंची तीन थानों की पुलिस

हादसे में लक्षित चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी टांग कट गई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सड़क हादसे और हंगामे की सूचना पर देहात थाना, बाबूगढ़ थाना और सदर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और यातायात सुचारू कराया।

परिवार में मचा कोहराम

कुछ देर बाद मृतक और घायल के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। लक्षित का शव देखकर स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल वंश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।

मामले की जांच जारी

देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घायल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। स्वजन की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।