गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रगान छोड़ निकले विधानसभा अध्यक्ष: राष्ट्रगान के दौरान मंच से नीचे उतरे, वीडियो सामने आने पर हुआ विवाद

उत्तरप्रदेश|

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम स्थल से चले जाने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। पूरन नगर स्थित एक स्कूल में प्रधानाचार्य परिषद के अधिवेशन और शैक्षिक संगोष्ठी में महाना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने उन्हें प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके तुरंत बाद राष्ट्रगान शुरू हुआ। वीडियो में महाना राष्ट्रगान के बीच तिरंगे को सलामी देते, हाथ जोड़ते और मंच के पीछे से नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वह कार में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

घटना के वीडियो के मुताबिक, राष्ट्रगान शुरू होने के बाद महाना कुछ देर मंच पर रहे। इसके बाद वह पीछे की ओर उतर गए। वहां मौजूद कुछ समर्थक भी उनके पास पहुंचे। इसके बाद महाना अपनी कार में बैठकर कार्यक्रम स्थल से निकल गए। वीडियो रविवार को सामने आने के बाद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठने लगे। कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि जिस स्थान पर महाना मौजूद थे, वहां से राष्ट्रगान काफी दूरी पर बज रहा था। आयोजकों के मुताबिक, इसी वजह से महाना वहां से दूसरी जगह चले गए। हालांकि, राष्ट्रगान के बीच उनके कार्यक्रम स्थल से निकलने को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

पुस्तक का किया विमोचन

महाना एसवीएम इंटर कॉलेज के आस्था सभागार पहुंचे थे। वह करीब 40 मिनट तक कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान ‘शिक्षा प्रभा’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षाविदों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। महाना ने कहा कि शिक्षा संस्थान देश के विकास की नींव हैं। संस्थान मजबूत होंगे तो देश भी मजबूत होगा। उन्होंने राम मंदिर के लिए दी गई राशि का जिक्र करते हुए कहा कि यह भगवान के चरणों में समर्पित है। इसे वापस मांगने की बात आस्थावानों को दुख पहुंचाने वाली है।

कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

उन्नाव कांग्रेस कमेटी के नेता दिनेश शुक्ला ने महाना के राष्ट्रगान के दौरान चले जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने पहले प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर लिया और इसके बाद राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले गए। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह राष्ट्रगान का अपमान नहीं है। मामले को लेकर अब राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।