खौलते गुड़ की कढ़ाई में गिरा लखीमपुर का युवक: साथियों ने बाहर निकाला, इलाज के दौरान हुई मौत

उत्तरप्रदेश|

महाराष्ट्र के एक गुड़ प्लांट में काम कर रहे लखीमपुर के युवक की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। काम के दौरान चक्कर आने से युवक खौलते गुड़ की कढ़ाई में जा गिरा। साथियों ने कड़ी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला, लेकिन हादसे में उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

ईसानगर के मूड़ी गांव निवासी दानिश करीब चार महीने पहले 15 अन्य लोगों के साथ महाराष्ट्र मजदूरी करने गया था। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। परिवार में पत्नी, दो महीने का बेटा, माता-पिता, बड़ा भाई और बहन हैं। परिवार के मुताबिक उसके बड़े भाई गुड्डू पर 70 हजार रुपए का कर्ज था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए दानिश कमाने महाराष्ट्र गया था।

चक्कर आने से कढ़ाई में गिरा

प्लांट में दो बड़ी कढ़ाइयों में गुड़ खौल रहा था और मजदूर अपने-अपने काम में लगे थे। दानिश कढ़ाई के किनारे खड़ा था। इसी दौरान उसे अचानक चक्कर आया और वह संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते वह खौलते गुड़ की कढ़ाई में गिर गया। दानिश मदद के लिए चिल्लाने लगा। उसकी चीख सुनकर प्लांट में मौजूद साथी मजदूर दौड़कर मौके पर पहुंचे।

कलछी से नहीं निकला तो मजदूरों ने खींचकर बचाया

दानिश को कढ़ाई से बाहर निकालने के लिए मजदूरों ने पहले बड़ी कलछी का सहारा लिया। जब इससे काम नहीं बना तो दो-तीन मजदूर अपनी जान की परवाह किए बिना आगे बढ़े और उसे खौलते गुड़ से बाहर खींच लिया। उसे जमीन पर लिटाया गया। हादसे में उसके शरीर की खाल बुरी तरह झुलस गई थी। दर्द से वह लगातार चीख रहा था। इसके बाद साथी मजदूर उसे अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने किया हंगामा

महाराष्ट्र पुलिस ने हादसे के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद शव को मूड़ी गांव भेज दिया गया। शव गांव पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने महाराष्ट्र साथ गए मजदूरों पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर ईसानगर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों को प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई। फुटेज देखने के बाद परिजन शांत हुए।

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसा महाराष्ट्र के गुड़ प्लांट में हुआ था। शव गांव पहुंचने पर एहतियात के तौर पर पुलिस टीम भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं मिली है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।