यूपी में हरियाणवी सिंगर की गोली मारकर हत्या: जिम के बाहर घात लगाए बैठे थे हमलावर, बदमाशों ने दो दिन तक की रेकी

उत्तरप्रदेश|

शामली में हरियाणवी सिंगर एवं अभिनेता अंकित बालियान की हत्या की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात अचानक नहीं हुई थी। हमलावरों ने करीब दो दिन तक अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी और उसकी दिनचर्या की रेकी की। घर से जिम जाने और वहां से लौटने के समय की जानकारी जुटाने के बाद हमलावर जिम के बाहर पहुंचे। अंकित के बाहर निकलते ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों तक उसकी लोकेशन और दिनचर्या की जानकारी किसने पहुंचाई?

वारदात के बाद पुलिस ने जिम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्ध वाहनों और युवकों की गतिविधियों को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों को जोड़कर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में वारदात में शामिल संदिग्धों की उम्र करीब 21 से 26 वर्ष बताई जा रही है। यूपी और हरियाणा के संदिग्ध युवकों की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस उनके ठिकानों और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

चाचा का दावा- राणा ने दी थी धमकी

अंकित के चाचा चीकू ने पुलिस को बताया कि उसके साथ काम करने वाले राणा नाम के व्यक्ति ने अंकित को धमकी दी थी। परिवार को आशंका है कि हत्या में धमकी देने वाले व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। जांच टीम अंकित के साथ काम करने वाले लोगों, पुराने विवादों और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

गोगी गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा

हत्या के बाद हरियाणा की गोगी गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। भोलू सहापुरिया के नाम से इंस्टाग्राम पर डाली गई पोस्ट में अंकित पर गैंग के दुश्मनों से मिलने और गोगी भाई से जुड़ी घटना पर गाना बनाने का आरोप लगाया गया। हालांकि, एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार पोस्ट करने वाला मोनू जेल में बंद है और पोस्ट से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

परिजनों ने जाम लगाकर जताया विरोध

अंकित बालियान की सदर कोतवाली क्षेत्र के नालापटरी आर्यपुरी में सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने विरोध में जाम लगा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। अब पुलिस हत्या की साजिश, रेकी और संदिग्धों के कनेक्शन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।