हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर: थार पलटने से चार दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक घायल
हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार थार गाड़ी पलटने से चार युवकों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना हापुड़ जिले के थाना सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रात करीब 11:56 बजे हुई।
दिल्ली नंबर (DL 8C BL 9822) की महिंद्रा थार कार में सवार होकर 5 दोस्त बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रही थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 से 120 किमी/घंटा थी, जिसके कारण वह अचानक डगमगाकर बेकाबू हो गई। कार एक्सप्रेसवे पर करीब 5 से 6 बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी पूरी तरह पिचक गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सभी युवक गाड़ी के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और 'डायल-112' की टीम ने युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला और सिकहेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतको में जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत रवि शामिल हैं। जबकि 17 वर्षीय विष्णु घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है।











