शामली में हिरयाणवी सिंगर की हत्या में शामिल दो शूटर ढेर: पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दोनों पर था 50-50 हजार रुपये इनाम

उत्तरप्रदेश|10 घंटे पहले
पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दोनों पर था 50-50 हजार रुपये इनाम

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को शामली पुलिस और STF ने मुठभेड़ में मार गिराये। मारे गये दोनों शूटरों के नाम मोहित व सुमित है, दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। एनकाउंटर के बाद मृतक अंकित के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने पुलिस कार्रवाई पर संतुष्टि जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पुलिस टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से उन्हें आधा इंसाफ मिला है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस के अनुसार, शामली के कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास 31 अगस्त को शामली पुलिस, थाना झिंझाना और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया था। इसी दौरान अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दोनों शार्प शूटरों से पुलिस का सामना हुआ। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शूटरों पर पहले से दर्ज थे अपरा​धिक मामले

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और 15 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक बैग, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद भी बरामद होने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार, मोहित पर पहले से 14 और सुमित पर एक आपराधिक मामला दर्ज था।

पिता बोले- कार्रवाई से मिली संतुष्टि

एनकाउंटर के बाद अंकित बालियान के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने कहा कि पुलिस ने अच्छा काम किया है और उन्हें इस कार्रवाई से संतुष्टि मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें आधा इंसाफ मिला है और पूरा इंसाफ मिलना अभी बाकी है। पिता ने मामले में शामिल बताए जा रहे, अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाना चाहिए और सभी दोषियों तक पुलिस को पहुंचना चाहिए।

मृत सिंगर की पत्नी ने दी थी आत्मदाह की चेतावनी

अंकित बालियान की हत्या के बाद परिवार लगातार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा था। मृतक की पत्नी ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी, जबकि पिता की ओर से महापंचायत बुलाने और आंदोलन तेज करने की बात भी कही गई थी। पुलिस जांच में इस हत्याकांड में चार शूटर और रेकी करने वाले दो लोगों समेत कुल छह लोगों की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। दो आरोपियों के एनकाउंटर के बाद अब पुलिस की नजर मामले में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी करने पर है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।