सहारनपुर में मिले 17 करोड़ के जाली नोट: पीएनबी के तीन अधिकारी निलंबित, जांच के लिए एसआईटी की टीम गठित

उत्तरप्रदेश|16 घंटे पहले
पीएनबी के तीन अधिकारी निलंबित, जांच के लिए एसआईटी की टीम गठित

सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से करीब 17 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में शक है कि करेंसी चेस्ट में नकली नोट जमा कराए गए और उनके बदले असली नोट निकाल लिए गए। इस मामले में तीन बैंक अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका मिलने पर बैंक प्रबंधन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी की टीम गठित की है, जबकि बैंक मुख्यालय की टीम भी पूरे मामले की जांच कर रही है।

जिन बैंक अधिकारियों को निलंबित किया गया है, उनमें मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और करेंसी चेस्ट खेरा बाजार जगाधरी के प्रबंधक अमित कुमार शामिल हैं। पीएनबी के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की ओर से कोतवाली सदर बाजार में तीनों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। जांच में भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद बैंक ने यह कार्रवाई की। करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने वाले पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को भी काम से हटा दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करेंसी चेस्ट तक इतनी बड़ी संख्या में जाली नोट आखिर पहुंचे कैसे।

जांच में 148 जाली नोट बरामद

मामले की शुरुआती जांच में करेंसी चेस्ट से 148 बंडल जाली नोट बरामद हुए थे। हर बंडल में 500 रुपये के एक हजार नोट थे। इस हिसाब से पहले करीब 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट सामने आए थे। जांच आगे बढ़ने के साथ जाली नोटों की कुल रकम बढ़कर करीब 17 करोड़ रुपये पहुंच गई। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जाली नोटों को करेंसी चेस्ट में किस तरह जमा कराया गया और उनके बदले असली नोट किस तरीके से बाहर निकाला गया।

CCTV में गड्डियों से छेड़छाड़ करता दिखा हाउसकीपर

करेंसी चेस्ट की सीसीटीवी फुटेज में हाउसकीपर विशाल कुमार गड्डियों से नोट निकालता हुआ दिखाई दे रहा है। नोटों की गड्डियों को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी उसी के पास थी। फुटेज और दूसरे रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने पर कुछ और बैंक अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों की भूमिका भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें हरियाणा, उत्तराखंड और आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं। दो नामजद बैंक प्रबंधकों के यमुनानगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में शामिल दूसरे लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

साजिश में कई और लोग हो सकते है शामिल

डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जाली नोटों से जुड़ी इस साजिश में कई और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। मामले के खुलासे के बाद खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।