अमरोहा में पुलिस चौकी के पास मीट दुकानदार हत्या: पीछे से सिर में सटाकर मारी गोली, आधा दर्जन मुकदमों में आरोपी था मृतक

उत्तरप्रदेश|

अमरोहा जिले में जट बाजार पुलिस चौकी के पास एक मीट दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अफ्फान कुरैशी सीएए-एनआरसी हिंसा समेत आधा दर्जन मुकदमों में आरोपी था। उसके पीछे से सिर पर तमंचा सटाकर गोली मारी गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

अमरोहा शहर में मंगलवार देर रात जट बाजार चौकी के पास मीट दुकानदार अफ्फान कुरैशी (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पीछे से उसके सिर पर तमंचा सटाकर गोली मारी और भाग गए। करीब 11:30 बजे हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ अफ्फान को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई हैं।

पीछे से सिर में मारी गोली

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाईखाना निवासी दिवंगत इरफान कुरैशी के परिवार में पत्नी हुस्न बानो, पांच बेटियां और दो बेटे फैजान व अफ्फान थे। सबसे छोटे बेटे अफ्फान की मोहल्ले में ही मीट की दुकान थी। मंगलवार रात अफ्फान मोहल्ला कटरा बख्तावर सिंह निवासी अपने दोस्त शहबाज के साथ जट बाजार गया था। बताया गया कि दोनों जट बाजार चौकी की दीवार से सटी गली में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और पीछे से अफ्फान के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही अफ्फान जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर भाग गए, जबकि उसका दोस्त शहबाज भी मौके से चला गया।

सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी लखन सिंह यादव और एएसपी अखिलेश भदौरिया जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से रंजिश के संबंध में जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। मृतक के खिलाफ सीएए-एनआरसी हिंसा और पशु क्रूरता समेत करीब आधा दर्जन प्राथमिकी दर्ज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।