सोनीपत में एक्सप्रेसवे पर ट्रक-कार की भिड़ंत: 3 मजदूरों की मौत; 9 घायल, बाजरा काटने के लिए जा रहे थे झज्जर

उत्तरप्रदेश|

हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोपालपुर गांव की सीमा के पास करीब सुबह पांच बजे मजदूरों से भरी कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव निवासी करीब 11 मजदूर कार में सवार होकर झज्जर की तरफ मजदूरी करने जा रहे थे। उनके साथ कार का चालक भी था। इस तरह वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। बताया गया कि सभी मजदूर बाजरा काटने के लिए झज्जर जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे उनकी कार केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव की सीमा में पहुंची। इसी दौरान कार की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

कार में फंसा एक शव

हादसे में मृत एक व्यक्ति की पहचान रामनरेश पुत्र रामचंद्र, निवासी बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, दो शवों को खरखौदा के अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि एक शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल की टीम प्रयास कर रही है। हादसे में घायल हुए सभी नौ लोगों को खरखौदा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर होने के कारण सभी के बेहोशी की हालत में होने की बात कही गई है।

सभी घायल बड़ेपुरा गांव के निवासी

घायलों की पहचान विवेक पुत्र प्रभुदयाल, छोटू पुत्र खुशहाली, हरिशंकर पुत्र नेतराम, खुशहाली, फातिलाल पुत्र बुद्धसिंह, महेंद्रपाल पुत्र रामसहाय, संजीव पुत्र रामपाल, प्रमोद पुत्र रामरती और नेवाराम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी घायल पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले हैं।

हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटा रही पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ कार में फंसे शव को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।