सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बने मस्जिद पर चला बुलडोजर: जिला जज न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई, पीपी एक्ट के तहत दर्ज था मामला
सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर बनी एक करीब 70 साल पुरानी मस्जिद के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर की कार्रवाई की है। जिला जज न्यायालय का फैसला आने के बाद कलेक्ट्रेट में बनी मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है। किसी घटना की आशंका को देखते हुए शहर में जगह-जगह भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। हालांकि रात में यह अफवाह फैल गई थी। इंटरनेट मीडिया पर सांसद और पार्षदों द्वारा बयानबाजी भी की जा रही थी। वहीं कैराना की सांसद इकरा हसन को उनके घर पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।
बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी की शिकायत के बाद प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर की सरकारी जमीन पर बनी इस मस्जिद के खिलाफ पीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। शिकायत की थी कि कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद अवैध है। परिसर का व्यावसायिक उपयोग भी हो रहा है जो कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा के लिए खतरा है। यह मामला सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में डेढ़ वर्ष से चला आ रहा था।
मुस्लिम पक्ष ने भी की थी अपील
जुलाई में कोर्ट ने मस्जिद को अवैध माना था। इसके बाद जिला जज न्यायालय ने भी तीन दिन पहले दिए आदेश में सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को सही माना और इसे अवैध घोषित करते हुए हटाने और करीब 6.41 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ मुस्लिम पक्ष ने जिला अदालत में अपील की थी।
शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती
हालांकि शुक्रवार रात से ही अफवाह फैल रही थी कि मस्जिद को ध्वस्त किया जा रहा है। इसके बाद पार्षदों और सांसद इमरान मसूद ने इंटरनेट मीडिया पर आकर अपनी बात रखी थी। शनिवार सुबह सवेरे मौके पर छह बुलडोजर की मदद से मस्जिद को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते शहर में जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
सांसद इकरा हसन को किया गया हाउस अरेस्ट
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर को पूरी तरह सील कर छावनी में तब्दील कर दिया । ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। इस घटना का विरोध करने जा रहीं कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को प्रशासन ने हाउस अरेस्ट कर दिया है। इसके साथ ही पूरे शहर में पीएसी और आरआरएफ की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।











