संभल में बेकाबू डंपर ने टेंपो को मारी टक्कर: भाई बहन समेत छह की मौत, ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
संभल में रविवार सुबह आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बहजोई थाना क्षेत्र में बालू लदे डंपर ने एक टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम भाई-बहन समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। वहीं, डंपर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर शव बिखर गए।
जानकारी के अनुसार, टेंपो अपनी लेन में बहजोई से चंदौसी की ओर जा रहा था। उसके आगे सैमरी गांव निवासी बिट्टू ई-रिक्शा लेकर चल रहा था। बम्नेटा गांव के पास बिट्टू ने अचानक ई-रिक्शा दूसरी लेन की तरफ मोड़ दिया। सामने से आ रहा डंपर उसे बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया और टेंपो से जा भिड़ा। ई-रिक्शा भी डंपर की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद टेंपो करीब 10 फीट दूर जा गिरा। हादसे में रुवैद का सिर कटकर अलग हो गया, जबकि टेंपो चालक सौदान पाल वाहन में ही फंस गए।
पुलिस ने टेंपो काटकर चालक को बाहर निकाला
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां चिकित्सकों ने चार और लोगों को मृत घोषित कर दिया। टेंपो में फंसे चालक सौदान पाल को वाहन काटकर बाहर निकाला गया। हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। चार घायलों का इलाज चल रहा है।
परिवार के साथ चंदौसी जा रही थीं भावना
पुलिस के मुताबिक, बहजोई निवासी भावना पत्नी तरुण अपने बेटे ध्रुव और बेटी आराध्या के साथ चंदौसी जा रही थीं। उनके साथ भाई पुनीत और भाभी रोहिणी भी थे। पुनीत और रोहिणी बदायूं से बहन के घर आए थे। इसी दौरान सभी शहर घूमने के लिए निकले थे। टेंपो में पहले से बहजोई निवासी रुवैद, प्रशांत और जड़वार निवासी रामपाल बैठे थे। टेंपो सौदान पाल चला रहा था। हादसे में ध्रुव, आराध्या, रोहिणी, सौदान पाल, रुवैद और रामपाल की मौत हुई है। भावना और पुनीत की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशांत और ई-रिक्शा चालक बिट्टू का भी उपचार चल रहा है। डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बहजोई-चंदौसी रोड पर हादसा हुआ है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कराया। छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और चार घायलों का इलाज जारी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











