बागपत में श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी: 12 की मौत 19 से ज्यादा घायल, कैंटर की टक्कर के बाद डिवाइडर से भिड़ी
बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप भीषण हादसे का शिकार हो गई। पीछे से तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर लगने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और घिसटते हुए सड़क के बीच पलट गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। पिकअप में कुल 32 श्रद्धालु सवार थे, जबकि 19 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
हादसा खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बसी और बड़ा गांव के बीच हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोग बुरी तरह प्रभावित हुए और शव करीब 30 मीटर तक बिखर गए। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर पड़े घायलों को सड़क किनारे किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
बागड़ धाम से बदायूं लौट रहे थे श्रद्धालु
घायल ने बताया कि सभी लोग बदायूं के अल्लापुर चमारी गांव के रहने वाले थे और राजस्थान के बागड़ धाम यानी गोगामेड़ी से लौट रहे थे। रात में अधिकांश लोग वाहन के भीतर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई और पिकअप पलट गई। चालक ने बताया कि पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी थी। बागड़ धाम राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां जाहरवीर बाबा गोगा जी महाराज का समाधि स्थल है। अगस्त-सितंबर में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
घायलों से मिले डीएम-एसपी
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों की स्थिति जानी और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को फोन के जरिए घटना की जानकारी दी गई है। हादसे में जान गंवाने वालों में मुन्नी देवी, सुगड़पाल, साधु, रामेश्वर यादव, प्रेमसिंह, जितेंद्र, प्रेमवती, दीक्षा, भानुमति, मूर्ति, सौरव और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।











