लखीमपुर में ट्रांसफार्मर से टकराई तेज रफ्तार कार: तीन दोस्तों की झुलसकर मौत, शीशा और गेट तोड़कर युवकों को निकाला बाहर

उत्तरप्रदेश|

जिले में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे रखे बिजली ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई। हादसे में कार सवार छह दोस्तों में तीन की झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह जलती कार से सभी युवकों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। हादसा खीरी थाना क्षेत्र में सीतापुर-लखीमपुर फोर लेन पर ओयल पुलिस चौकी के पास रात करीब तीन बजे हुआ।

पुलिस के मुताबिक, कार सीतापुर की ओर जा रही थी। ओयल पुलिस चौकी के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो वाहन धधक रहा था। पुलिसकर्मियों ने शीशे और गेट तोड़कर सभी छह युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल मोतीपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान तीन युवकों ने दम तोड़ दिया। तीन अन्य की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।

सभी युवक सदर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आयुष कुमार निवासी शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, शिवा सिंह निवासी राजापुर, थाना कोतवाली सदर और आकाश वर्मा निवासी पिपरिया बाईपास, थाना सदर के रूप में हुई है। तीनों आपस में दोस्त थे। वहीं लखनऊ रेफर किए गए घायलों में पीयूष सिंह और अमन वर्मा निवासी शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर तथा उत्कर्ष शामिल हैं। मृतक और घायल सभी लखीमपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

सीतापुर जाते समय अनियंत्रित हुई कार

घायल युवकों ने पुलिस को बताया कि वे कार से सीतापुर जा रहे थे। ओयल चौकी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और सभी को अस्पताल पहुंचाया। खीरी थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि हादसा रात करीब तीन बजे ओयल पुलिस चौकी के पास हुआ। कार में छह लोग सवार थे। पुलिस ने सभी को वाहन से निकालकर अस्पताल भेजा, जहां तीन की मौत हो गई। तीन घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।