हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में लगी आग: मौके पर पहुंचीं दमकल की चार गाड़ियां, आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
धौलाना थाना क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र फेस-वन में मंगलवार को केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। धुएं के गुबार देखकर आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी।
पुलिस की सूचना के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्ट्री में केमिकल मौजूद होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और दमकल की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया गया कि आग यूपीएसआईडीसी चौकी के पीछे स्थित घनश्याम की केमिकल फैक्ट्री में लगी है।
अज्ञात कारणों से लगी आग
धौलाना थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम फैक्ट्री पहुंची और मौके का जायजा लिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग बुझाने का काम लगातार जारी है। एहतियात के तौर पर 108 एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
आग की तीव्रता के चलते आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि पुलिस के मुताबिक अभी तक घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











