मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस ने दो बाइकों को रौंदा: बच्ची समेत पांच की मौत, पुलिस ने सीज किया वाहन

उत्तरप्रदेश|

जिले में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में पांच साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद चालक बस को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दुर्घटना बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे बुढ़ाना थाना क्षेत्र में भसाना गांव के पास हुई। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर है। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस काफी तेज रफ्तार में थी। गांव के पास मोड़ पर सामने से आ रही दोनों बाइक बस की चपेट में आ गईं। टक्कर के बाद सड़क पर लोग घायल अवस्था में पड़े थे। राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

चचेरे भाइयों समेत पांच ने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वाले कांधला निवासी इदरीश और साजिद चचेरे भाई थे। दोनों किसी काम से मुजफ्फरनगर आए थे और बुधवार दोपहर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर फरमान अपने जीजा मोमिन और पांच वर्षीय बेटी अल्लो के साथ था। तीनों खरीदारी के लिए मुजफ्फरनगर आए थे। खरीदारी पूरी करने के बाद वे बाइक से तमेला गढ़ी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकें बस की चपेट में आ गईं।

तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के तुरंत बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। जानकारी मिलने के बाद परिजन घटनास्थल और अस्पताल की ओर पहुंच रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।