हमीरपुर में सपा-भाजपा चेयरमैन में हाथापाई: नाली के विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने, घटना का ​वी​डियो सोशल मीडिया पर वायरल

उत्तरप्रदेश|

हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में नाली जाम और जलभराव की समस्या को लेकर वर्तमान और पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई है। नाली निर्माण को लेकर पूर्व सपा चेयरमैन माया वाल्मीकि और वर्तमान भाजपा चेयरमैन आशा रानी कबीर के बीच विवाद हो गया। पूर्व चेयरमैन के घर के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि सड़क पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि के घर के बाहर नाली निर्माण का काम कराया जा रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।

ईट से मारने का किया प्रयास

जल निकासी के लिए नाली पर किए गए निर्माण को लेकर पूर्व सपा चेयरमैन और मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष सार्वजनिक स्थल पर आमने-सामने आ गईं। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान ईंट से मारने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायती दर्ज कराई हैं।

जलभराव की समस्या देखने पहुंची थी अध्यक्ष

नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर कर्मचारियों और जेसीबी के साथ वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती इलाके में जलभराव की समस्या देखने पहुंची थीं। वार्ड के लोगों ने जल निकासी बाधित होने की शिकायत की थी। नगर पंचायत की टीम नाली से पानी का बहाव सुचारु कराने के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और सपा नेत्री माया वाल्मीकि से नाली के पानी के बहाव को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों तरफ से जमकर हाथ चले और ईंट उठाकर मारने का प्रयास भी किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

पानी का बहाव हो रहा था बाधित

बताया गया कि नाली पर पट्टी बनी होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। दो दिन पहले नगर पंचायत कर्मचारियों ने पट्टी हटाई थी। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि की ओर से घर के सामने नाली के पास नया निर्माण कराए जाने की बात सामने आई। इसी को लेकर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची थी।

वार्डवासियों ने नगर पंचायत से की थी ​शिकायत

वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती निवासी सत्येंद्र सिंह, उमेश, मुंशीलाल, रंजना समेत अन्य लोगों ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष के घर के सामने नाली जाम होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। इसी समस्या की शिकायत वार्डवासियों ने नगर पंचायत से की थी। स्थानीय लोगों ने पूर्व अध्यक्ष और उनके पति पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

दोनों पक्षों से दर्ज हुई ​शिकायत

थानाध्यक्ष कुरारा प्रिंस दीक्षित ने बताया कि वार्ड नंबर नौ में विवाद की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय वार्ड की स्थिति सामान्य थी। दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र मिले हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।