महोबा में सर्वे के नाम पर अवैध वसूली: दो सर्वेयरों को चुड़ी-पेटीकोट और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले
महोबा जिले के चरखारी तहसील स्थित नटर्रा गांव में फसल नुकसान सर्वे के नाम पर अवैध वसूली करने वाले दो सर्वेयरों को ग्रामीणों ने चूड़ी-पेटीकोट पहनाकर और जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया। इसके बाद दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का सर्वे करने पहुंचे दोनों सर्वेयरों पर किसानों ने पैसे मांगने का आरोप लगाया। महिलाओं ने दोनों को चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया, लाली-बिंदी लगाई और गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया गया।
किसानों का आरोप है कि दोनों सर्वेयरों ने 200 से ज्यादा किसानों से करीब दो लाख रुपए की अवैध वसूली की। फसल नुकसान का अधिक सर्वे दिखाकर ज्यादा बीमा राशि दिलाने का लालच दे रहे थे। सर्वेयर हर किसान से एक हजार से पांच हजार रुपये की मांग कर रहे थे और पैसे न देने पर बीमा का लाभ न मिलने की धमकी दे रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान चरखारी विधायक प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।
भारी बारिश से 90 प्रतिशत फसल नुकसान
जानकारी के अनुसार, पिछले 20 दिनों से हुई भारी बारिश के कारण गांव में उड़द, तिली और मूंगफली की करीब 90% फसल बर्बाद होने का दावा किया जा रहा है। किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का मुआवजा मिलने की उम्मीद कर रहे थे। इसी बीच बीमा कंपनी इफको टोक्यो से जुड़ी निजी एजेंसी ग्लोबल अर्क के दो सर्वेयर गांव में पहुंचे। दोनों मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
पैसे न देने पर बीमा का लाभ नहीं मिलने की दे रहे थे धमकी
किसानों का आरोप है कि दोनों सर्वेयर पिछले एक सप्ताह से गांव में जाकर फसल नुकसान का ज्यादा सर्वे दर्ज करने और ज्यादा बीमा राशि दिलाने का लालच दे रहे थे। इसके बदले वे किसानों से एक हजार से पांच हजार रुपए तक की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर सर्वेयर बीमा का लाभ नहीं मिलने की धमकी देते थे। किसानों के मुताबिक, इस तरह करीब दो लाख रुपए नकद और ऑनलाइन माध्यम से लिए गए।
महिलाओं ने चुड़ी, बिंदी और पेटीकोट पहनाकर गांव में घुमाया
मामले की जानकारी होने पर जागरूक ग्रामीणों और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविन्द्र राजपूत ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पूछताछ की तो आरोप है कि दोनों ने किसानों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना दी गई। विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि सूरज पांडे समर्थकों के साथ गांव पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि और ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला किसानों ने दोनों सर्वेयरों का विरोध किया। महिलाओं ने उन्हें चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया। इसके बाद लाली-बिंदी लगाकर गले में जूतों की माला डाली और दोनों को पूरे गांव में घुमाया।
सूचना पर पहुंचे कृषि अधिकारी
हंगामे की सूचना मिलने पर कृषि अधिकारी राम सजीवन भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नामजद तहरीर देकर दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और किसानों से लिए गए पैसे वापस कराने की मांग की। कृषि अधिकारी ने मामले की जानकारी जिलाधिकारी को देने और निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल दोनों सर्वेयर पुलिस हिरासत में हैं।











