बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराते हुए पलटी बस, 25 में से 19 यात्री घायल
बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही स्लीपर बस में चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और काफी दूर तक घिसटाते हुए पलट गई। बस में कुल 25 यात्री सवार थे। जिसमें 19 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में एक यात्री को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, डबल डेकर बस दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही थी। शुक्रवार को कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 177.2 किलोमीटर के पास चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर राहत कार्य शुरू कराते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी वजीरगंज और जिला अस्पताल भिजवाया।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
घायल रिषभ गुप्ता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर भगदड़ का माहौल रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर किनारा किया। पुलिस ने बताया कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की है।











