अमरोहा में खेत में मिला युवक का शव: बाइक और शव को जलाने का किया प्रयास, फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह गन्ने के खेत से युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। दीपपुर गांव के जंगल में अगरौला मार्ग के पास शव पड़ा था और उसके आसपास काफी खून मिला। कुछ दूरी पर एक बाइक भी जली हालत में मिली। युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद मृतक की पहचान छिपाने के लिए शव और बाइक को जलाने का प्रयास किया गया।
एक व्यक्ति रविवार सुबह अपने खेत पर गया था। नलकूप के पास जली बाइक देखकर उसे संदेह हुआ। पास जाकर देखा तो गन्ने के खेत में युवक का शव पड़ा था। उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
शराब पिलाने के बाद की हत्या
घटनास्थल से पुलिस को डाटा केबल और शराब के खाली पाउच भी मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक को किसी दूसरी जगह से यहां लाया गया होगा। यहां उसे शराब पिलाने के बाद हत्या की गई और फिर शव व बाइक को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई। हालांकि हत्या की वजह और वारदात के तरीके की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
सूचना पर हसनपुर कोतवाल राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।











