हापुड़ में सिपाही ने खुद को मारी गोली: सीने में लगी बुलेट, सरकारी रायफल से चली थी गोली

उत्तरप्रदेश|

धौलाना थाने में रविवार सुबह पहरे की ड्यूटी कर रहे सिपाही की सरकारी रायफल से गोली लगने से मौत हो गई। गोली उनके सीने में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सिपाही की मौत हो चुकी थी। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर धौलाना थाना क्षेत्र में हुई घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। एडिशनल एसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया सिपाही द्वारा सरकारी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।

मृतक सिपाही की पहचान आगरा के निबोहरा थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी आशीष वर्मा के रूप में हुई है। आशीष वर्ष 2025 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। अप्रैल 2026 में उन्हें धौलाना थाने में पहली तैनाती मिली थी। शुरुआती जांच में उनके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी तक मौत की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चर्चा यह भी है कि गोली चलाने से पहले आशीष ने किसी से फोन पर बातचीत की थी। इसके अलावा उन पर काफी अधिक लोन होने की बात भी सामने आ रही है।

15 दिन की छुट्टी लेकर गए थे गांव

आशीष 15 दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव हीरापुर गए थे। बताया गया है कि छुट्टी खत्म होने से तीन दिन पहले ही वह वापस थाने लौट आए थे। हालांकि, उन्होंने तत्काल ड्यूटी ज्वाइन नहीं की और थाने के पुलिस क्वार्टर में ही आराम किया। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, दो दिन पहले शुक्रवार को उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन की थी। शनिवार को उनकी ड्यूटी पिलखुवा चौराहे पर लगाई गई थी। रविवार को वह धौलाना थाने में पहरे की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सरकारी रायफल से गोली चलने की घटना हुई।

एएसपी बोले- सभी पहलुओं की जांच जारी

घटना की सूचना पुलिस ने आशीष के परिजनों को दे दी है। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि प्रथम दृष्टया ड्यूटी के दौरान सिपाही द्वारा खुद को गोली मारने की बात सामने आई है। गोली लगने से उनकी मौत हुई है। फिलहाल घटना के कारणों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।