इटावा में सड़क हादसे में भाई की मौत: 6 घंटे बाद घायल बहन ने भी तोड़ा दम, रोडवेज बस ने बाइक को मारी थी टक्कर
बसरेहर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह इटावा-बरेली मार्ग पर हुए सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। करीब नौ बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार अशोक कुमार और उनकी बड़ी बहन माया देवी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माया देवी को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां करीब छह घंटे के इलाज के बाद उनकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
उमरसेंडा गांव, थाना भरथना निवासी किसान अशोक कुमार पुत्र तुलाराम सोमवार को अपनी बड़ी बहन माया देवी को बाइक से उनकी ससुराल अड्डा बिहारी, बसरेहर छोड़ने जा रहे थे। माया देवी चार दिन पहले अपने बड़े भाई ओमप्रकाश को देखने के लिए मायके आई थीं। सोमवार को वह छोटे भाई अशोक के साथ बाइक से वापस ससुराल लौट रही थीं। इसी दौरान इटावा-बरेली मार्ग पर बसरेहर थाना क्षेत्र में पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
वाहन चालक फरार
बस की टक्कर के बाद अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद बस चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया। घायल माया देवी को उपचार के लिए सैफई पीजीआई भेजा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन करीब छह घंटे बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
परिवार में छाया मातम
अशोक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो अशोक की मौत हो चुकी थी। इसी बीच गंभीर हालत में माया देवी के सैफई पीजीआई में भर्ती होने की जानकारी मिली। परिवार अभी अशोक की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि इलाज के दौरान माया देवी की मौत की खबर आ गई। भाई-बहन की एक ही दिन हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचा परिवार
मृतक अशोक के बड़े भाई ओमशंकर ने बताया कि उनके भांजे ने फोन कर अशोक के एक्सीडेंट की जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो अशोक की मौत हो चुकी थी, जबकि माया देवी अस्पताल में भर्ती थीं। कुछ घंटे बाद उनकी भी मौत हो गई। अशोक के तीन बेटे हैं। एक ही हादसे में भाई-बहन की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर है।
पुलिस ने सीज किया वाहन
बसरेहर थाना प्रभारी बलराज भाटी ने बताया कि सड़क हादसे में अशोक कुमार के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया था। हादसे में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। माया देवी की भी इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी मिली है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।











