हरदोई में सोते समय पत्नी का गला रेता: महिला का सिर धड़ से किया अलग, थाने पहुंच पति ने कबूला जुर्म
इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में बुधवार को पति ने सो रही पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस को बताया कि वह पत्नी की हत्या करके आया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव घर में पड़ा था। पुलिस के मुताबिक वारदात इतनी गंभीर थी कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया था। मृतका की पहचान 30 वर्षीय नगमा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति परवेज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नगमा और परवेज करीब डेढ़ महीने से महताब के मकान में किराए पर रह रहे थे। दोनों मूल रूप से वेटगंज मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं। परवेज टैक्सी स्टैंड पर चौपहिया वाहन चलाता है। दोनों की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। बताया गया कि पारिवारिक बंटवारे के बाद परवेज ने अपना मकान बेच दिया था। इसके बाद वह पत्नी के साथ इस्लामनगर टिलिया में किराए के मकान में रहने लगा था।
पत्नी के फोन पर बात करने से बढ़ा शक
पुलिस के मुताबिक परवेज को पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पत्नी के किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने को लेकर भी पति का शक बढ़ता गया। पुलिस हत्या के पीछे इसी विवाद को प्रमुख आधार मानकर जांच कर रही है। हालांकि, वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
हत्या के बाद सीधे थाने पहुंचा
पुलिस के मुताबिक रात करीब 1:30 बजे नगमा घर के अंदर सो रही थी। इसी दौरान परवेज ने चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद उसने घर का दरवाजा बंद किया और सीधे कोतवाली पहुंच गया। उसके बयान के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतका की बहन शब्बो की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारण और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।











