हापुड़ में हाईवे पर खड़ी पिकअप से टकराई बाइक: तीन की मौत, अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहें थे गाजियाबाद के युवक

उत्तरप्रदेश|
तीन की मौत, अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहें थे गाजियाबाद के युवक

दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर जट के पास सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप गाड़ी से तेज रफ्तार बाइक की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौत हो गई, जिनमें दो सगे भाई शामिल थे। मृतक गाजियाबाद के नंदग्राम के रहने वाले थे और गढ़ गंगा में अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, नंदग्राम निवासी गोविंद (35 वर्ष) अपने बड़े भाई रवि (37 वर्ष) और पड़ोसी ब्रजेश (45 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर ब्रजघाट के लिए निकले थे। उन्हें अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होना था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही वे हापुड़ के बाबूगढ़ इलाके में शाहपुर जट के पास पहुंचे, उनकी बेकाबू बाइक हाईवे किनारे खड़ी पिकअप के पिछले हिस्से से टकरा गई।

मौके पर मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखचे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

परिवारों में पसरा मातम

मृतकों में गोविंद बर्फ की दुकान पर काम करता था, रवि की मोबाइल की दुकान थी और ब्रजेश मजदूरी करता था। दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही गाजियाबाद में उनके परिजनों को मिली, घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।