जालौन में गुलाब जल बनाने की आड़ में चल रहा था ड्रग्स रैकेट: डीआरआई और एटीएस ने मारा छापा, दो की हुई गिरफ्तारी

उत्तरप्रदेश|
डीआरआई और एटीएस ने मारा छापा, दो की हुई गिरफ्तारी

जालौन जिले में राजस्व खुफिया निदेशालय और उत्तर प्रदेश एटीएस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का खुलासा किया है। डकोर कोतवाली क्षेत्र के ऐरी रमपुरा गांव में एक खेत में बने टिनशेड के नीचे यह अवैध फैक्ट्री चल रही थी। इस पूरी लैब का संचालन गुलाब जल बनाने की आड़ में किया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो। संयुक्त कार्रवाई के दौरान लगभग 1,102.88 किलोग्राम सिंथेटिक ड्रग्स और भारी मात्रा में रसायन व उपकरण जब्त किए गए हैं। शुरुआती तौर पर करोड़ों रुपये की ड्रग्स पकड़े जाने की बात सामने आई थी। टीम ने मौके से उरई निवासी 27 वर्षीय हेमेंद्र कुशवाह और महाराष्ट्र निवासी 37 वर्षीय संतोष को गिरफ्तार किया है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस लैब में तैयार होने वाली एमडी ड्रग्स की सप्लाई दिल्ली और मुंबई समेत कई बड़े शहरों तक की जाती थी। पकड़े गए आरोपियों और बरामद सामग्री को लखनऊ लाया गया है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में एजेंसियां जुटी हैं। मामले में एक इंजीनियर व कारखाने का मालिक समेत तीन लोग फरार हैं।

ड्रग्स का नमूना लेकर मुंबई गया था ​इंजीनियर

जानकारी के अनुसार, ग्राम ऐरी रमपुरा में पांच माह पहले शैलेंद्र पाल के हाते में टीनशेड लगाकर कुछ युवकों ने गुलाब जल बनाने का काम शुरू किया था। वे आसपास के गांवों से फूल खरीदते और बाहर से केमिकल और लिक्विड यूरिया भी मंगवाते थे। इस काम में ऐरी रमपुरा निवासी शैलेंद्र के साथ ग्राम मुहम्मदाबाद निवासी भोलू, हमीरपुर के गोहांड निवासी हेमंत और मुंबई का एक इंजीनियर भी शामिल था। कुछ दिन पहले मुंबई का इंजीनियर एमडी ड्रग्स का नमूना लेकर मुंबई गया था। वहां से किसी ने डीआरआई को इसकी सूचना दे दी। इसी इनपुट के आधार पर डीआरआई की टीम ने गांव में छापा मारा। टीम में शामिल 20 सदस्यों ने फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी देने से मना कर दिया है। मौके से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद हुआ है।

आरोपी और ड्रग्स को लेकर लखनऊ लेकर गई टीम

फैक्ट्री में दो मशीन, केमिकल, उपकरण और तैयार माल मिला है। टीम ने हेमंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया है कि फरार इंजीनियर का नाम संतोष है। हेमंत की संतोष से मुलाकात सांगली जेल में हुई थी, वहीं से दोनों ने मिलकर एमडी ड्रग्स बनाने की योजना बनाई थी। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी का कहना है कि डीआरआई टीम के सदस्यों ने सिर्फ इतनी जानकारी दी है कि ऐरी रमपुरा में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीला पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद हुआ है। मौके से पकड़े गए हेमंत नाम के युवक और बरामद ड्रग्स को टीम अपने साथ लखनऊ ले गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।