सहारनपुर में कार और ट्रक की टक्कर: दो लोगों की मौत, महिला और उसकी दो बेटियां घायल

सहारनपुर में एक कार और ट्रक की टक्कर के कारण दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला व उसकी दो बेटियां घायल हो गईं। देवबंद के थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि देवबंद के खानकाह स्थित अनवर शाह कॉलोनी निवासी मोहम्मद एजाज (43) अपनी पत्नी रिजवाना और दो बेटियों के साथ दवा लेने मुजफ्फरनगर गए थे। उन्होंने बताया कि परिवार टैक्सी से यात्रा कर रहा था, जिसे मुकेश (45) चला रहा था।
बालियान ने बताया कि रात करीब पौने 10 बजे परिवार जब मुजफ्फरनगर से लौट रहा था तभी साईधाम मंदिर के पास उनकी टैक्सी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि चिकित्सकों ने एजाज और टैक्सी चालक मुकेश को मृत घोषित कर दिया। रिजवाना और उनकी बेटी हफसा का उपचार देवबंद के सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है और गंभीर रूप से आयशा को बेहतर उपचार के लिए मेरठ ले जाया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

