शाहजहांपुर में पति ने की पत्नी की हत्या: कुल्हाड़ी से गर्दन पर किया ताबड़तोड़ वार, तीन बच्चों में से एक को लेकर हुआ फरार

उत्तरप्रदेश|
कुल्हाड़ी से गर्दन पर किया ताबड़तोड़ वार, तीन बच्चों में से एक को लेकर हुआ फरार

शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र के चौरसिया मोहल्ले में बुधवार दोपहर एक सनकी पति ने शराब पीने से रोकने पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने तीन बच्चों में से एक बच्चे को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौरसिया मोहल्ला निवासी अवनीश, जो पेशे से लस्सी विक्रेता है और शराब पीने का आदी था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले फर्रुखाबाद निवासी सुशीला से हुई थी। अवनीश की शराब पीने की लत को लेकर सुशीला अक्सर उसे टोकती थी, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि सुशीला करीब 15 दिन पहले ही दोनों पक्षों में हुए समझौते के बाद अपने मायके से ससुराल लौटी थी। बुधवार दोपहर को एक बार फिर दोनों के बीच शराब की लत को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अवनीश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और सुशीला के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

खून से लथपथ मिली लाश

सुशीला की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो घर के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। सुशीला खून से लथपथ हालत में मृत पड़ी हुई थी। इस बीच आरोपी अवनीश अपने एक बच्चे को साथ लेकर भागने में कामयाब रहा। ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

तलाश में जुटी पुलिस की कई टीमें

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ दीपक कुमार और अल्हागंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।