शाहजहांपुर में मंदिर में दो वृद्ध सेवादारों की हत्या: शवों को तख्त से बांधकर लगाई आग, कब्जे के नीयत से आरोपियों ने वारदात को ​दिया अंजाम

उत्तरप्रदेश|

शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सूथा गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं। गांव के प्राचीन मंदिर की देखभाल और पूजा-पाठ करने वाले दो वृद्ध सेवादारों की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने दुस्साहस दिखाते हुए मंदिर परिसर के भीतर ही दोनों के शवों को तख्त से बांधकर आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब ग्रामीण रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर से धुआं उठता देखा। पास जाने पर वहां का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। मंदिर परिसर में करीब 10 मीटर की दूरी पर दोनों साधुओं के अधजले अवशेष पड़े थे। एक मृतक का शरीर पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था। मृतकों की पहचान मंदिर के वृद्ध सेवादार बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है।

मुख्य आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सौरभ दीक्षित और खुदागंज थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि देवस्थान की जमीन पर कब्जे की नीयत से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले सुमित सिंह नाम के एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोप है कि सुमित पिछले काफी समय से सेवादारों पर मंदिर छोड़ने का दबाव बना रहा था और पहले भी उन पर हमला कर चुका था। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित हाल ही में एक अन्य मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

इस दोहरे हत्याकांड के बाद से सूथा गांव और आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शवों के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।