शामली में मकान में लगी भीषण आग: सिलेंडर ब्लास्ट होने से दहला घर, मां और दो नाबालिग बेटियों की जिंदा जलकर मौत

उत्तरप्रदेश|
सिलेंडर ब्लास्ट होने से दहला घर, मां और दो नाबालिग बेटियों की जिंदा जलकर मौत
सेव सूची

शामली के बाबरी थाना क्षेत्र स्थित गांव कैड़ी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान में भीषण आग लगने से एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे में महिला का पति और दो बेटे बाल-बाल बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कैड़ी निवासी साजिद का परिवार बुधवार रात करीब 12 बजे घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक मकान में आग लग गई, जिसकी शुरुआती वजह शॉर्ट-सर्किट मानी जा रही है। आग की लपटें तेजी से फैल गईं और घर में रखे रसोई गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान की छत का हिस्सा गिर गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। इस भीषण हादसे में साजिद की 32 वर्षीय पत्नी शाहिदा और उनकी दो नाबालिग बेटियों-अदन (13) व माहिरा (11) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, साजिद और उनके दोनों बेटे सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।

रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस कार्रवाई

धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कमरे के मलबे से मां और दोनों बेटियों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों की सटीक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।