सोनभद्र में जमीन की जुताई को लेकर बवाल: दंपती पर लाठी-डंडों से किया हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
दंपती पर लाठी-डंडों से किया हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी कला गांव में जमीन के स्वामित्व और जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ट्रैक्टर से हो रही जुताई रुकवाने पहुंचे दंपती पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। वहीं, उसका पति भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नव्य जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

घटना लिलासी कला गांव की है। पीड़ित चतुरगुन प्रसाद पुत्र बेचन प्रसाद के अनुसार, उनकी जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई की जा रही थी। इसे रुकवाने के लिए वह मौके पर पहुंचे, जहां दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विरोध करने पर की दंपती की पिटाई

आरोप है कि विवाद के दौरान चार लोगों ने चतुरगुन प्रसाद और उनकी पत्नी सुनैना देवी के साथ पहले गाली-गलौज की। विरोध जताने पर दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में सुनैना देवी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि चतुरगुन प्रसाद भी घायल हो गए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने मारपीट कर दी। घटना के बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया।

चार के खिलाफ केस दर्ज

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्रीराम यादव को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल, चिकित्सीय रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।