सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: दशहरा मेला देखने जा रहे श्रद्धालुओं की कार-टेंपो की भिड़ंत में दो की मौत, 16 घायल

सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में मंगलवार अपराह्न एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ (जंगल) के पास एक तेज रफ्तार कार और सवारियों से भरे टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण भिड़ंत में एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई बच्चों समेत 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो बभनी के धरती डांड से सवारियां लेकर म्योरपुर के किरविल में आयोजित दशहरा मेले में जा रहा था। सभी लोग त्योहार के माहौल में बेहद खुश थे और मेला देखने की तैयारी में थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टेंपो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़-ओडिशा की तरफ जा रही थी।
चीख-पुकार से दहला इलाका
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर कोहराम मच गया। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय राहगीर और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही बभनी और म्योरपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

