रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे सपा प्रमुख अ​खिलेश यादव: 45 मिनट का चलेगा मंथन, चुनावी रणनीतियां तय होने की उम्मीद

उत्तरप्रदेश|
45 मिनट का चलेगा मंथन, चुनावी रणनीतियां तय होने की उम्मीद

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 22 अक्टूबर 2026 को रामपुर जिला कारागार में बंद पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि जेल की सलाखों के पीछे होने वाले इस 45 मिनट के मंथन में 'वेस्ट यूपी के बेस्ट' यानी आगामी चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम और सपा की चुनावी रणनीति तय होने की उम्मीद है।

सियासी गलियारों में चर्चा है कि आजम खान ने अपनी पत्नी तंजीन फातिमा के जरिए पहले ही वेस्ट यूपी की करीब 15 विधानसभा सीटों के दावेदारों की एक सूची अखिलेश यादव तक भिजवा दी है। मुरादाबाद, रामपुर और संभल जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में आजम खान का सियासी रसूख आज भी मजबूत माना जाता है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी आजम खान ने अपनी जिद पर मुरादाबाद सीट से टिकट बदलवाकर रुचि वीरा को प्रत्याशी बनवाया था। ऐसे में इस मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव वेस्ट यूपी में साइकिल की सवारी करने वाले जिताऊ उम्मीदवारों के नामों पर आजम खान के साथ अंतिम मुहर लगा सकते हैं।

इन मुद्दों को चुनावी हथियार बनाएगी समाजवादी पार्टी

मुलाकात के एजेंडे में केवल टिकटों का बंटवारा ही नहीं, बल्कि आगामी चुनाव के लिए मुद्दों की धार तेज करना भी शामिल है। हाल ही में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर का दौरा कर अखिलेश यादव पर आजम खान की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। ओवैसी के इस मुस्लिम बहुल बेल्ट में बढ़ते दखल को काउंटर करने के लिए अखिलेश यादव का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे सपा अपने पारंपरिक 'मुस्लिम-यादव' और पीडीए वोट बैंक को एकजुट रख सके।

बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में सपा

सपा इस पूरे क्षेत्र में आजम खान और उनके परिवार पर दर्ज मामलों को 'राजनीतिक उत्पीड़न' के तौर पर पेश कर बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े विवाद और वेस्ट यूपी में हालिया प्रशासनिक कार्रवाइयों को लेकर भी सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करेगी।

मुलाकात पर टिकी है विरोधी दलों की निगाहें

तय कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव लखनऊ से रवाना होकर बरेली पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 12:20 बजे जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:45 बजे रामपुर जिला कारागार में आजम खान से मिलने पहुंचेंगे। जेल में करीब 45 मिनट की गुफ्तगू के बाद अखिलेश यादव सीधे आजम खान के आवास पर जाकर उनकी पत्नी और परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात पर सपा उम्मीदवार समेत भाजपा और बसपा के सभी विराधी दलों की निगाहें टिकी हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।