उन्नाव में स्लीपर बस-कार की भीषण टक्कर: कार सवार 5 लोगों की दर्दनाक मौत, खिड़कियों के शीशे तोड़कर निकाले गए यात्री

उन्नाव के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के तेज रफ्तार स्लीपर बस और कार की टक्कर ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बस रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी। हादसे में दो बच्चियों सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कई अन्य घायल हुए हैं।
उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही बाबा ट्रैवलर की स्लीपर बस ने आगरा से लखनऊ जा रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी और पलट गई। वहीं कार करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई तथा उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
दो बच्चियों समेत पांच लोगों की गई जान
पुलिस के अनुसार बस में करीब 70 यात्री सवार थे। वहीं, कार में नौ लोग मौजूद थे। हादसे में कार सवार धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (6), अमृता (13) और विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा कार के चार तथा बस के चार यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों की बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी गई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
ड्राइवर पर नशे और झपकी का आरोप
सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। वहीं इंस्पेक्टर अखिलेश पांडेय ने बताया कि बस में मौजूद यात्रियों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और उसे झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम घनश्याम मीना, एसपी जय प्रकाश सिंह और एसडीएम बृजमोहन शुक्ला मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









