किसे कितनी सीटें?: यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस का सीटों पर महामंथन, 20 दिसंबर तक समझौते की तैयारी

उत्तरप्रदेश|
यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस का सीटों पर महामंथन, 20 दिसंबर तक समझौते की तैयारी
सेव सूची

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का पहला दौर सोमवार से नई दिल्ली में शुरू होने की संभावना है। कांग्रेस ने दिसंबर के मध्य तक सीटों पर सहमति बनाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, कांग्रेस 20 दिसंबर तक सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, बातचीत दो दिनों तक चल सकती है। माना जा रहा है कि बैठक राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर होगी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने भी सोमवार से शुरुआती बातचीत शुरू होने की पुष्टि की है।

प्रियंका गांधी संभाल सकती हैं कांग्रेस की ओर से कमान

सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत में कांग्रेस की ओर से महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा की अहम भूमिका रहने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इसके संकेत दिए हैं। कांग्रेस की संभावित टीम में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी भी शामिल हो सकते हैं।

वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से महासचिव राम गोपाल यादव, वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव और सांसद राजीव राय के बातचीत में शामिल होने की संभावना है। सपा ने सीट बंटवारे के लिए चार सदस्यीय समिति भी गठित की है। इसकी अध्यक्षता राम गोपाल यादव करेंगे। समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के अलावा सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी शामिल हैं।

2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों से तय होगा सीटों का गणित

सीटों के बंटवारे में 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। उस चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 पर जीत हासिल की थी। सपा को 37 और कांग्रेस को छह सीटें मिली थीं। गठबंधन के इस प्रदर्शन के आधार पर कांग्रेस विधानसभा चुनाव में अधिक सीटों की मांग कर सकती है।

कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन के तहत मिली 107 सीटों का भी हवाला देती रही है। हालांकि, समाजवादी पार्टी सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना को सबसे महत्वपूर्ण आधार मान रही है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या और क्षेत्रवार दावेदारी पर चर्चा अहम होगी।

181 सीटों की मांग वाली सूची को कांग्रेस ने बताया था फर्जी

सीट बंटवारे से पहले ही दोनों दलों के बीच संभावित सीटों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हाल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने की बात कही थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर सीटों की एक सूची प्रसारित हुई। हालांकि, कांग्रेस ने इस सूची को आधिकारिक मानने से इनकार किया है।

फिलहाल दोनों दलों ने सीटों की संख्या को लेकर अपना रुख सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसे में शुरुआती बातचीत में सीटों के दावों, पिछले चुनावों के प्रदर्शन और संबंधित क्षेत्रों में दोनों दलों की संगठनात्मक स्थिति पर मंथन होने की उम्मीद है।

भाजपा को रोकने के लिए गठबंधन की रणनीति

2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के सामने भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की चुनौती होगी। दोनों दल 2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के प्रदर्शन को विधानसभा चुनाव में भी दोहराने की कोशिश करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम के दौरान भी सीट बंटवारे को लेकर संक्षिप्त बातचीत हुई थी। अब दोनों दलों के नेताओं की औपचारिक बैठक को गठबंधन की आगे की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।