सूर्य उपासना में डूबा यूपी: सीएम योगी ने दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल
लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना की। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी छठ पूजा में शामिल होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। वहीं, वाराणसी में छठ की आस्था सात समंदर पार से भी लोगों को खींच लाई। फ्रांस से आई लिया भारतीय परिधान साड़ी पहनकर और माथे पर सिंदूर लगाकर पूजा में शामिल हुईं।
लखनऊ में 110 घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के किनारे बने 110 घाटों पर छठ पूजा के लिए व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। महिलाएं पारंपरिक तरीके से सूप और दउरे में फल, ठेकुआ और पूजा सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचीं। कई महिलाएं दंडवत करते हुए लक्ष्मण मेला मैदान घाट तक पहुंचीं। घाटों पर छठी मैया के गीत गूंजते रहे। कहीं धोबिया नृत्य की प्रस्तुति हुई तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव का रंग बढ़ाया। बच्चों ने सूर्य भगवान और छठी मैया का रूप धारण कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी। उनके साथ 100 से अधिक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
योगी ने सूर्यदेव को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ में छठ पूजा के आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल और भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने भोजपुरी में लोगों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए कहा कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। छठ हमें श्रद्धा, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के सम्मान की सीख देता है। योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जिसमें हर व्यक्ति अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार पर्व मना सके। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि हर बेटी को सुरक्षा मिले, हर परिवार में खुशहाली आए और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।
काशी में विदेशी महिला ने किया छठ
वाराणसी के राजा घाट पर छठ पूजा में शामिल होने के लिए फ्रांस से लिया पहुंचीं। भारतीय संस्कृति और लोक आस्था के इस महापर्व के प्रति उनकी विशेष रुचि देखने को मिली। लिया ने भारतीय परंपरा के अनुसार साड़ी पहनी और माथे पर सिंदूर लगाकर पूजा में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि वह खास तौर पर छठ महापर्व में शामिल होने के लिए वाराणसी आई हैं। गंगा घाट पर उनकी मौजूदगी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही।

वाराणसी की प्रियंका मिश्रा पिछले दस वर्षों से लगातार छठ पूजा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार मायके में छठ व्रत शुरू किया था। उस समय छठी मैया से संतान प्राप्ति की मनोकामना मांगी थी। अगले छठ पर्व तक बेटी का जन्म हुआ तो उनकी मनोकामना पूरी हो गई। इसके बाद उन्होंने हर साल छठ व्रत करने का संकल्प लिया। तब से वह पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ यह परंपरा निभा रही हैं।
कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी के घाटों पर भी उमड़ी भीड़
लखनऊ के अलावा कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भी छठ महापर्व की रौनक देखने को मिली। गंगा के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं ने पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों पर सजे दउरे, फल, ठेकुआ और पूजा सामग्री के बीच लोकगीतों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।
