उन्नाव हाईवे पर बक्से में बंद मिला युवक का शव: बक्शे के अंदर रखे थे रजाई गद्दे, नीचे बिस्तर में लिपटा था शव

उत्तरप्रदेश|

जिले से एक रुंह कंपा देने वाला मामला सामने आया। यहां एक युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को बिस्तर में लपेटकर एक बड़े बक्से में बंद कर दिया और फिर उन्नाव-लालगंज हाईवे किनारे फेंक दिए। आधी रात को सड़क किनारे पड़े बक्से से शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। हाईवे पर ललऊखेड़ा पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर पहले एक निजी अस्पताल के पास मंगलवार रात करीब दो बजे राहगीरों ने सड़क किनारे एक बड़ा लोहे का बक्सा पड़ा देखा। बक्सा देखकर लोगों ने इसकी जानकारी डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही ललऊखेड़ा चौकी इंचार्ज अनिल साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बक्से को खुलवाया गया तो अंदर का मंजर देख सभी सन्न रह गए। बक्से में ऊपर-नीचे गद्दे और रजाई रखी गई थी और बीच में बिस्तर में लिपटा करीब 25 साल के युवक का शव पड़ा था।

चेहरे पर थे चोट के निशान

मृतक के चेहरे पर चोटों के गहरे निशान थे, सिर पर भी वार किया गया था और नाक से खून निकल रहा था। पुलिस का मानना है कि किसी भारी और वजनदार चीज से वार कर युवक की हत्या की गई है और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को इस तरह बक्से में बंद कर फेंका गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी सोनम सिंह और सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और एसओजी को भी बुलाया गया।

पत्नी समेत तीन हिरासत में

पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन रात तक पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला सहित तीन लोग संदिग्ध अवस्था में दिखे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पत्नी पर हत्या का शक गहरा गया है। पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।