उन्नाव में चोरी के आरोप में युवक का सिर मुंडवाया: जूते-चप्पलों की माला पहनाकर कर गांव में घुमाया, पुलिस की हिरासत में आरोपी
आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को कथित तौर पर अपमानित कर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोप है कि युवक के हाथ रस्सी से बांधकर उसका सिर मुंडवाया गया, आधी मूंछें बनवाई गईं और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया। नव्य जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पाठकपुर गांव निवासी राजू (50) अपने बेटे राज के साथ गांव के बाहर बाग में झोपड़ी बनाकर रहते हैं। बताया गया कि 30 जुलाई की रात दोनों झोपड़ी के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सोनू (30) पुत्र गोकुल पर उनके मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा। बाद में राजू का मोबाइल एक बंद गुमटी के पास मिला। इसके बाद राजू और राज ने सोनू को पकड़कर उसके घर पर शिकायत की।
वायरल वीडियो से सामने आया मामला
आरोप है कि इसके बाद सोनू के साथ अमानवीय तरीके से व्यवहार किया गया। उसके हाथ बांधकर सिर मुंडवाने और आधी मूंछें बनाने के बाद जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के माध्यम से मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











