जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू: किसानों को समर्पित रही पहली फ्लाइट, देश के टॉप एयरपोर्ट्स में होगा शामिल

उत्तर प्रदेश और देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। नोएडा स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली व्यावसायिक उड़ान का संचालन शुरू हुआ। लखनऊ से आई इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट ने एयरपोर्ट पर पहली लैंडिंग की। जिसका पारंपरिक वाटर कैनन सलामी के साथ स्वागत किया गया। इसके साथ ही एयरपोर्ट ने औपचारिक रूप से अपनी व्यावसायिक सेवाओं की शुरुआत कर दी। पहली उड़ान के बाद विमान को बेंगलुरु के लिए रवाना किया जाना है। एयरपोर्ट परिसर में इस अवसर को लेकर उत्साह का माहौल रहा। इसे प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन की सबसे खास बात यह रही कि इसके निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसानों को पहली विशेष उड़ान से लखनऊ भेजा गया। इनमें 20 महिला किसान भी शामिल हैं। सभी किसान विशेष विमान से लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। यह पहल उन किसानों के सम्मान में की गई है। जिनके सहयोग और त्याग से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार किया जा सका। किसानों ने इसे अपने जीवन का यादगार क्षण बताया और कहा कि एयरपोर्ट निर्माण में उनकी भूमि भले चली गई हो, लेकिन इससे प्रदेश और देश के विकास को नई गति मिलेगी।
देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिसमें लगभग 3,300 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टर्मिनल और रनवे विकसित किए गए हैं। करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट से प्रतिवर्ष लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों के आवागमन की क्षमता विकसित की गई है। परियोजना के सभी चार चरण पूरे होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की दिशा में अग्रसर होगा।
कई शहरों के लिए बढ़ेगी हवाई कनेक्टिविटी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार आज से हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी नियमित उड़ानों का संचालन शुरू होगा। इसके अलावा बेंगलुरु, जम्मू, नवी मुंबई, बरेली, श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून सहित कई शहरों के लिए चरणबद्ध तरीके से उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में देश के शीर्ष पांच हवाई अड्डों में शामिल होगा। उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभरेगा।
किसानों के त्याग और विकास की नई उड़ान
जेवर क्षेत्र के किसानों ने इस अवसर को गर्व का क्षण बताया। किसानों का कहना है कि उनकी जमीन पर बना यह एयरपोर्ट आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर लेकर आएगा। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे विकसित भारत के संकल्प और उत्तर प्रदेश की तेज़ी से बढ़ती आधारभूत संरचना का प्रतीक बताया। पहली उड़ान के साथ ही जेवर एयरपोर्ट ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति और वैश्विक कनेक्टिविटी के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









