ग्रेटर नोएडा में पांच मौतों में नया मोड़: मृतक की दो बहनों-बहनोई पर केस, वॉइस नोट में बहनों को ठहराया जिम्मेदार

नोएडा|
मृतक की दो बहनों-बहनोई पर केस, वॉइस नोट में बहनों को ठहराया जिम्मेदार

रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक महेश के साले की शिकायत पर पुलिस ने महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर तीनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मृतक महेश का मोबाइल मिला है। महेश ने मौत से पहले अपने फोन में एक वॉइस नोट रिकॉर्ड किया था। इस ऑडियो में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई को अपनी और अपने परिवार की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। सूत्रों का कहना है कि इसी ऑडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस ऑडियो की फॉरेंसिक जांच करा रही है।

मामला शुक्रवार रात की है। पुलिस के मुताबिक, महेश मजदूरी करता था, उसकी पत्नी ललिता, बेटा साक्ष, बेटा प्रियांश और बेटी मिष्टी रात में गांव में ही रामलीला देखकर लौटे थे। रात करीब 10.30 बजे परिवार ने नूडल्स खाए और सो गए। शनिवार सुबह काफी देर तक न उठने पर पड़ोसियों को शक हुआ। एक बच्चा परीक्षा के लिए उठाने आया तो घटना का पता चला। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महेश अपने बेटे से लिपटा हुआ एक चारपाई पर मिला जबकि दूसरी चारपाई पर ललिता अपने छोटे बेटे और बेटी को पकड़े हुए थी। एक मृतक के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है।

संपत्ति विवाद बना मौत की वजह?

पुलिस की शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक परिवार में करोड़ों की जमीन और मुआवजे की रकम को लेकर विवाद चल रहा था। ललिता के मायके पक्ष का आरोप है कि करीब छह महीने पहले महेश की मां चंदो ने 10 बीघा जमीन अपनी बेटी और दामाद के नाम कर दी थी, जिससे महेश का परिवार काफी आहत था।वहीं महेश की मां चंदो ने पुलिस को बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उसने रात में नूडल्स नहीं खाए थे, जिससे उसकी जान बच गई।

पोस्टमॉर्टम में जहर के लक्षण

पुलिस ने मौके से खाए गए नूडल्स और अन्य खाने-पीने की चीजों के सैंपल लिए हैं। पोस्टमॉर्टम में शुरुआती तौर पर प्वाइजनिंग के लक्षण मिले हैं, इसलिए विसरा को जांच के लिए भेजा गया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी।

रात में ही किया अंतिम संस्कार

पांच लोगों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। शनिवार देर रात पोस्टमॉर्टम के बाद जब पांचों शव गांव पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। भारी शोक और संवेदनशीलता को देखते हुए परिजनों ने देर रात ही पांचों शवों का एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया। एक साथ पांच अर्थियां उठने से पूरा गांव स्तब्ध है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।