ग्रेटर नोएडा के शादी वाले घर में ब्लास्ट हुआ सिलिंडर: दुल्हन के पिता-भाई की मौत, घर में रखे थे 23 और सिलिंडर

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित दयानतपुर गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सोमवार देर शाम घर में गैस सिलिंडर लीक होने के बाद भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दुल्हन के पिता वीरपाल (56) और 24 वर्षीय भाई अभिषेक की जलकर मौत हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल (23) और दो साल का मासूम बेटा आदित्य गंभीर रूप से झुलस गए।
परिवार में आगामी दो दिसंबर को बेटी की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। सोमवार शाम घर में एलपीजी गैस सिलिंडर से रिसाव हो रहा था। इसी दौरान बिजली के संपर्क या चिंगारी से आग भड़क उठी और देखते ही देखते दो सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घर में रखे थे 23 सिलिंडर, टला और बड़ा हादसा
राहत और बचाव कार्य के दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घर से कुल 23 गैस सिलिंडर बरामद किए। इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडर घर में रखे होने की जानकारी से पूरे गांव में दहशत फैल गई। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता और बाकी सिलिंडर भी फट जाते, तो पूरा गांव दहल उठता और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। हादसे के वक्त जिस बेटी की शादी होनी थी, वह पूजा करने के लिए गांव के मंदिर गई हुई थी। मंदिर में होने के कारण वह इस भीषण दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।
गांव में पसरा मातम
मंगलवार सुबह गमगीन माहौल में पिता वीरपाल और पुत्र अभिषेक का अंतिम संस्कार किया गया। जिस घर से महज एक सप्ताह बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां से एक साथ पिता और भाई की अर्थियां उठने पर पूरे दयानतपुर गांव की आंखें नम हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब सोचने वाली बात यह है कि अगर 23 सिलिंडर एक साथ फटते तो क्या होता?
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।