आइवी काउंटी के 12वें फ्लोर पर लगी आग: रेस्क्यू अभियान जारी, CM योगी ने लिया संज्ञान

सेक्टर-74 स्थित आइवी काउंटी सोसायटी में शुक्रवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत के 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई इस घटना में कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। जबकि घना काला धुआं दूर तक दिखाई देता रहा। घटना के बाद सोसायटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास तेज कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर इमारत को खाली कराया गया। आसपास के फ्लैटों में रह रहे लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से फ्लैट में व्यापक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटा है।
मुख्यमंत्री ने दिए सतर्कता के निर्देश
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, किसी भी घायल को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा देने तथा राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।







