ग्रेटर नोएडा की चिप फैक्ट्री में लगी भीषण आग: दीवार और बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत, तीन घायल
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-तीन क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली आईएलजीआईएम कंपनी में लगी भीषण आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने में जुटी फायर सर्विस की टीम पर कंपनी की दीवार और लोहे का बीम गिर गया। इससे पांच फायरकर्मी मलबे में दब गए। हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 पुलिस और फायर सर्विस की टीमें कई दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने का अभियान चल ही रहा था कि कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव आ गए।
तीन का इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद पुलिस और अन्य दमकलकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर सभी घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक तीनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी अन्य व्यक्ति के मलबे में दबे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। राहत और तलाशी अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।











